मंडी : धर्मवीर ( TSN)- क्रिप्टो करेंसी के नाम ठगी के बाद इसी से मिलता जुलता एक और फर्जीवाड़ा सामने आया है। मामले को लेकर शिकायतें मिलने पर मंडी पुलिस ने इस ट्रेड कंपनी के मंडी जिले के नागचला और जीरकपुर में दफ्तर को सील किया है। यहां भी कम समय में निवेश से रिटर्न मिलने के लालच में सैंकड़ों लोगों ने धनराशि लगा दी। अब कईयों के हाथ में मूल धनराशि भी नहीं है। ऐसे में ठगी के शिकार लोग पुलिस के पास पहुंचे हैं। इस पर अब पुलिस कार्रवाई कर रही है। ऐसे में पुलिस मीडिया से किसी भी तरह की जानकारी देने से बच रही है। हालांकि यह साफ है कि यह मामला क्रिप्टो करेंसी से नहीं जुड़ा हुआ है, बल्कि यह अलग निवेश से जुड़ा मामला है।
पुलिस ने अपने कब्जे में कई अहम दस्तावेज लिए
सूत्र बताते हैं कि यहां भी निवेश करने पर कुछ समय बाद रिटर्न मिलने पर कई अधिकारी, कर्मचारी, राजनीति व अन्य से जुड़े लोग लाखों रुपये लगा चुके हैं। कंपनी कार्यालयों को सील करने के साथ ही पुलिस ने अपने कब्जे में कई अहम दस्तावेज लिए हैं। इस मामले में फिलहाल कोई गिरफ्तारी तो नहीं हुई है, लेकिन आरोपियों के तार मंडी जिले से ही जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि कंपनी दावा करती थी कि वह ट्रेडिंग करती है जो भी व्यक्ति उनके पास पैसा इनवेस्ट करता था उसे स्टांप पेपर के ऊपर लिख कर देती थी। पोस्टपेड चेक पहले ही देकर भरोसा जीता जाता था। बताया जा रहा है कि पिछले दो सालों से कंपनी कार्य कर रही है। इसी में ही जिला मंडी के साथ पूरे हिमाचल में अपना जाल फैला लिया है। हिमाचल के बाहर भी कार्य चलने की सूचना हैं। अधिक निवेश करवाने वाले लोगों को कंपनी उदारण के तौर पर पेश करती थी और उन्हें विदेश दौरे भी करवाती थी।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी अमित यादव ने बताया कि इस मामले में कुछ कार्रवाई जरूर की है, लेकिन इस मामले में फिलहाल मीडिया में कुछ शेयर नहीं किया जा सकता है। पुलिस नियमानुसार कार्रवाई अमल पर ला रही है।
