Shimla, Sanju-:आपदा की मार झेल चुकी पहाड़ों की रानी शिमला अब एक बार फिर सैलानियों से गुलजार हो गई है। वीकेंड पर शनिवार और रविवार की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचे। रविवार को रिज और माल रोड पर सैलानियों की भारी भीड़ नजर आई।
अमूमन हर वीकेंड की तरह इस बार भी दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और अंबाला जैसे इलाकों से पर्यटकों ने शिमला का रुख किया। आपदा के बाद अब पर्यटकों की संख्या में एक बार फिर स्पष्ट बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।बर्फबारी की उम्मीद और ठंडी हवाओं के आनंद ने सैलानियों को मालरोड, रिज, कुफरी और नालदेहरा जैसे पर्यटन स्थलों की ओर खींच लिया। आने वाले दिनों में इस संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है क्योंकि विंटर सीजन की शुरुआत हो चुकी है और कई राज्यों में छुट्टियाँ भी पड़ने वाली हैं।हालांकि, सैलानियों की बढ़ती भीड़ से शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही।
बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों ने कहा कि शिमला का मौसम बेहद सुहावना है। अब शहर की सड़कें पहले से बेहतर हो गई हैं, जिससे यहां तक पहुंचना आसान हो गया है। पर्यटकों ने कहा कि शिमला का हर पर्यटन स्थल खास है — यहां आकर एक अलग सुकून और शांति का अनुभव होता है।
पंजाब से आए पर्यटकों ने बताया कि बर्फबारी के मौसम में शिमला का नजारा देखते ही बनता है। उनका कहना था कि अगर किसी ने बर्फबारी में शिमला नहीं देखा, तो उसने हिमाचल की असली खूबसूरती नहीं देखी।
