नाहन/देवेन्द्र कुमार– बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ राजीव बिंदल को हराकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस नेता अजय सोलंकी का नाहन पहुंचने पर समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। 8 दिसंबर को मतों की गणना के बाद सोलंकी सीधे शिमला रवाना हुए थे और आज पहली मर्तबा जीत के बाद समर्थकों से मिले।
सत्ता के लिए नहीं, व्यवस्था परिवर्तन के लिए चुनकर आए
सर्किट हाउस नाहन में बड़ी संख्या में अजय सोलंकी के समर्थक उनके स्वागत के लिए पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए अजय सोलंकी ने कहा कि उनकी जीत के पीछे आम लोगों और उनके कर्मठ कार्यकर्ताओं का हाथ है, जिन्होंने प्रत्याशी बनकर विधानसभा चुनाव के लिए काम किया । सोलंकी ने कहा कि यह उनकी नहीं बल्कि आम आदमी की जीत है और उन्हीं को जीत का श्रेय जाता है। अजय सोलंकी ने यह भी कहा कि आम परिवार से जुड़े सुखविंदर सिंह सुक्खू का मुख्यमंत्री बनना सौभाग्य की बात है । उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में सभी कांग्रेस विधायक, सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए चुनकर आए हैं। सोलंकी ने कहा कि वह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे और नाहन विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर हमेशा प्रयासरत रहेंगे।
पिछली बार हारे थे बिंदल से
कांग्रेस नेता अजय सोलंकी दूसरी बार चुनावी मैदान में उतरे थे । गत विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और उस समय भी बीजेपी नेता डॉ राजीव बिंदल उनके सामने थे । वहीं इस बार सोलंकी जीत दर्ज करने में कामयाब हुए है।
