कांग्रेस पर बरसे पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो, सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ हमीरपुर में कांग्रेस के खिलाफ रैली में लिया हिस्सा
हमीरपुर, अरविंद -:कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में वोट चोरी के आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेताओं को जनता के सामने ठोस सबूत पेश करने चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की प्रक्रिया कांग्रेस के शासनकाल में ही शुरू हुई थी, लेकिन आज कांग्रेस अपने ही संविधान और व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ हमीरपुर के भोटा चौक में आयोजित कांग्रेस के खिलाफ विशाल रैली में भाग लेने के लिए रवाना हुए। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर देश और प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके मंत्रिमंडल पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता के हितों के बजाय दिल्ली में बैठे अपने राजनीतिक आकाओं और मित्र मंडली को खुश करने में सरकारी खजाने का इस्तेमाल कर रही है।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार लगातार 100 दिनों तक ट्रेजरी बंद रहने जैसी स्थिति देखने को मिली है। इसके चलते आम जनता को अपने छोटे-छोटे सरकारी कार्य करवाने के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन धरातल पर लोगों को राहत नहीं मिल रही।भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों से प्रदेश की जनता परेशान हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कार्यप्रणाली और आर्थिक कुप्रबंधन का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।भुट्टो ने कहा कि भाजपा जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
