सोलन (योगेश शर्मा): नई शिक्षा नीति के विरोध में एसएफआई का एक अखिल भारतीय जत्था सोलन पहुंचा। ये जत्था पांच दिन तक हिमाचल में रहेगा, उसके बाद हिंदी भाषी के 9 राज्यों में जत्था यहां से जाएगा। इसी कड़ी में डिग्री कॉलेज सोलन में एसएफआई के अखिल भारतीय जत्था ने देश बचाओ, संविधान बचाओ और शिक्षा बचाओ अभियान के तहत डिग्री कॉलेज सोलन परिसर के बाहर नारेबाजी की।
एसएफआई के ऑल इंडिया कमेटी सह सचिव विनीत ने बताया कि अखिल भारतीय जत्था सोलन पहुंचा है। देश बचाओ, संविधान बचाओ, शिक्षा बचाओ के तहत आज डिग्री कॉलेज सोलन में पहुंचने पर उन्होंने नई शिक्षा नीति के विरोध में अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति को गैर लोकतांत्रिक तरीके से विद्यार्थियों पर थोपा गया है। लगातार शिक्षा पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का निजीकरण, सांप्रदायिकरण होने से शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है।
संविधान में जो मूलभूत सुविधाएं विद्यार्थियों को दी गई है उसे आज खत्म किया जा रहा है। सह सचिव विनीत ने कहा कि नई शिक्षा नीति के विरोध को लेकर अखिल भारतीय जत्था हिमाचल में 5 दिन तक रहने के बाद हिंदी भाषी के 9 राज्यों में जाएगा। हिमाचल के बाद उत्तराखंड, यूपी, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में ये जत्था 12 सितंबर तक पहुंचेगा।
