सोलन, भूपेन्द्र –: अमन उर्फ मन्नी हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे मादक पदार्थों से जुड़े पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा पुराना विवाद और आपसी रंजिश प्रमुख कारण के रूप में सामने आई है। इस मामले में पुलिस लगातार साक्ष्य जुटाने और आरोपियों से पूछताछ में लगी हुई है।
ASP रमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक अमन उर्फ मन्नी और आरोपियों के बीच पहले से ही पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी झगड़ा हो चुका था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आए और उनके बीच विवाद शुरू हो गया।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपियों द्वारा चाकू से वार किए गए, जिससे अमन उर्फ मन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हाथापाई के दौरान आरोपियों को भी मामूली चोटें आई हैं।ASP ने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस साक्ष्यों, घटनाक्रम और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या के कारणों की पुष्टि करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।

