चंबा/ मंजूर पठान- हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी अब जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में चंबा जिला भाजपा प्रभारी विपिन सिंह परमार ने कोटी मंडल में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।
चंबा जिला भाजपा प्रभारी विपिन सिंह परमार लगातार अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। कोटी मंडल में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की आगामी गतिविधियों और संगठन को मजबूत करने के लिए किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं सुशासन को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।वहीं, चुराह से भाजपा विधायक डॉ. हंसराज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय होंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली से जनता परेशान है और 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभी से कमर कस ली है।

