सोलन/योगेश शर्मा: हिमाचल विधानसभा चुनाव को लेकर अब कुछ ही समय मतदान के लिए रह चुका है। इसी कड़ी ने इन दिनों प्रचार का दौर हिमाचल प्रदेश में चल रहा है, जिसे देखते हुए बीजेपी ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। बीजेपी ने चुनाव प्रचार के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। जिसमें पीएम मोदी से लेकर जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के कई आला नेता हैं। सोलन में भी गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ रैलियां करने के लिए आने वाले है।
जानिए कब करेंगे शाह प्रचार
गृह मंत्री अमित शाह 1 नवंबर को दो दिवसीय हिमाचल दौरे पर आ रहे हैं। मंगलवार यानि आज शाह चंबा के सिहुंता, मंडी के करसोग और शिमला के भट्टाकुफर में रैलियां करेंगे। 2 नवंबर को वह हमीरपुर जिले की नादौन विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करेंगे और बीजेपी उम्मीदवार के लिए वोट मांगेंगे। इसके बाद अमित शाह कांगड़ा जिले की धर्मशाला और सोलन जिले की नालागढ़ सीट पर जनसभा को संबोधित करेंगे।
2 दिन में योगी आदित्यनाथ की 6 रैलियां
हिमाचल के चुनावी रण में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हुंकार भरेंगे। हिमाचल में योगी आदित्यनाथ 2 और 4 नवंबर को छह विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे। बुधवार 2 नवंबर को योगी हमीरपुर जिले की बड़सर, मंडी जिले की सरकाघाट और सोलन जिले की कसौली सीट पर रैली करेंगे। बता दें कि 12 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर वोटिंग का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और अब बीजेपी के स्टार प्रचारक हिमाचल के सियासी रण में उतर रहे हैं।

