बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायत बैहना जटटा के बेरी दडोला गांव के अग्निशमन विभाग बददी में कार्यरत कुलदीप चंदेल की बेटी अंशु चंदेल ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाओं की परीक्षा को उर्तीण कर राज्य भर में दूसरा स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।इस कामयाबी के बाद अंशु चंदेल के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अंशु चंदेल की मां राजकुमारी एक गृहिणी हैं। अंशु चंदेल की प्रारंभिक शिक्षा आठवीं कक्षा तक आदर्श पब्लिक स्कूल बैहनाजट्टां से हासिल की है ।इसके बाद 10वीं तक की शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर औहर से प्राप्त की है। जबकि उन्होंने दस जमा दो की शिक्षा मिर्नवा पब्लिक स्कूल घुमारवीं से प्राप्त की है। इसके बाद आगामी पढ़ाई के लिए आरकेएमवी शिमला से बीएससी ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की। अंशु चंदेल ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से बीएड और एमएससी रसायन विज्ञान में उच्च शिक्षा हासिल की। इस सफलता पर अंशु चंदेल का कहना है कि मन में अगर कुछ करने का जज्बा हो ,तो कभी समय का इंतजार मत करो और अपनी मंजिल की ओर ध्यान देना शुरू कर दो। उन्होंने इससे पहले दो बार हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा का प्रारंभिक परीक्षा पास कर ली थी। उन्होने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता व परिवार को दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपना लक्ष्य निर्धारित कर चलना चाहिए और लक्ष्य पूरा करने को लेकर कड़ी मेहनत करनी चाहिए।
