संजीव महाजन, नूरपुर: देश में आरएसएस की विभाजनकारी सोच ने सत्ता के बल पर पूरे देश में भय का माहौल बनाकर आपसी भाइचारे को बहुत बड़ा आघात पहुंचाया है। सत्ता में बने रहने के लिए धर्म, राष्ट्रवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद का सहारा ले कर लोगों मे नफरत पैदा की जा रही है, ताकि लोग आपस में लड़ते रहे। देश की जनता के मुद्दों पर कोई चर्चा करने के बजाय उन्हें आपस में लड़ाने का ही प्रयास किया जा रहा है। यह बात कांग्रेस सेवा दल के प्रदेशाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने प्रदेश व्यापी जागो हिमाचल सद्भावना यात्रा के दौरान बुधवार को नूरपुर के बौड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नफ़रत से देश कभी भी आगे नहीं बढ़ सकता। मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई और बेरोजगारी आग के तरह बढ़ती जा रही है। आम जनता महंगाई की मार से बुरी तरह त्रस्त है। युवा रोज़गार के लिए भटक रहे है। युवाओं के भविष्य से भारी खिलवाड़ किया जा रही है तो किसान और मजदूर भी अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे ह, लेकिन इनका हल निकालने के बजाय एक ही एजेंडे पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जब भी सत्तासीन होती है तो यही कार्य क भोली भाली जनता को गुमराह करती है। अनुराग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिम्मेवारी के साथ जनता की आवाज उठाते हुए सत्ता से लड़ रही है तो कांग्रेस नेताओं की आवाज को दबाने के लिए सरकारी शह पर कई प्रकार के हथ कंडे अपनाए जा रहे है।उन्होंने कहा कि य़ह संघर्ष नहीं रुकेगा।
अनुराग शर्मा ने कहा कि डबल ईंजन की सरकार होते हुए भी प्रदेश विकास के मामले में आगे नहीं बढ़ पा रहे है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की योजनाओं का श्रेय लेकर सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल सिद्ध हुई है। जनहित के कार्यों की बजाय प्रदेश में चहेतों को लाभ देते हुए जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। चोर दरवाजे से भर्तियां कर लोगों का हक छीना जा रहा है। इन सब मुद्दों पर सरकार को घेरने और प्रदेश में सद्भावना और आपसी भाईचारे को बढावा देने के लिए कांग्रेस सेवा दल पूरे प्रदेश में जागो हिमाचल सद्भावना यात्रा के माध्यम से जनता को जागरूक करने में जुटा हुआ है ओर इस बार जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
