भावना शर्मा,शिमला: बीते कल राजधानी शिमला के कोटशेरा कॉलेज में एसएफआई और एबीवीपी के बीच हुई खूनी झड़प के बाद आज एबीवीपी ने एसएफआई के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस धरना प्रदर्शन के माध्यम से एबीवीपी ने इस झगड़े में शामिल है एसएफआई के कार्यकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शिमला जिला के जिला सयोंजक समीर ठाकुर ने बताया एसएफआई छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कोटशेरा, संजौली और आरकेएमवी कॉलेज में बाहरी गुंडों के साथ मिलकर तेजधार हथियारों के साथ एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर हमला किया है। इस हमले में एबीवीपी के 10 कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई है। इसी के विरोध में आज एबीवीपी ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया, जिसमें शहर के सभी कॉलेजों के एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
वहीं कोटशेरा महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि मंगलवार को विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता कॉलेज की कैंटीन में बैठकर चाय पी रहे थे इतने में एसएफआई के कार्यकर्ता बाहरी गुंडों के साथ आकर कैंटीन के अंदर दस्तक देते है और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को अंधाधुंध डंडों से मारना शुरू कर देते है। इस मारपीट में विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ताओं को गंभीर रूप से चोट आई है और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला में भी ले जाया गया।
वहीं संजौली महाविद्यालय के इकाई अध्यक्ष अंकुश वर्मा ने कहा कि कैंपस में विद्यार्थी परिषद के केवल चार लड़के मौजूद थे जिन्हें देखकर एसएफआई के वही गुंडा तत्व जो कोटशेरा महाविद्यालय में हिंसा करके आए थे वह संजौली पहुंच गए और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के ऊपर हमला कर दिया। हमले का सिलसिला राजकीय कन्या महाविद्यालय में भी जारी था।
इन सभी घटनाओं का विद्यार्थी परिषद ने विरोध करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि एसएफआई के जितने भी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है सभी के ऊपर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों को अंजाम ना दिया जाए।
धरने के पश्चात विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक शिमला मोनिका भूटुंगूरू और अतिरिक्त उपायुक्त शिमला शिवम प्रताप सिंह को सभी हिंसक गतिविधियों को रोकने और कठोर कार्रवाई करने हेतु ज्ञापन सौंपा ओर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की सुरक्षा की मांग भी अधिकारियों से की है।
