Bilaspur, Subhash –नैना देवी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजपुरा के गांव चलेली के 26 वर्षीय सेना के जवान अजय सिंह ठाकुर का कर्नाटक में साइलेंट हार्ट अटैक से निधन हो गया। सोमवार को बेलगांव में पोस्टमार्टम के बाद सेना की ओर से परिजनों को सूचना दी गई, जिससे घर में मातम छा गया।
अजय सिंह ठाकुर जुलाई 2018 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उनके बड़े भाई विजय सिंह वर्तमान में सिक्किम में तैनात हैं। जवान हाल ही में जून 2025 में एक महीने की छुट्टी पर घर आए थे।सोमवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव चलेली पहुंचा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार में पिता धर्म सिंह ठाकुर, माता मीरा देवी, पत्नी दीक्षा ठाकुर और सात महीने का बेटा अर्जुन ठाकुर हैं।जवान के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर और विधायक रणधीर शर्मा ने अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद जवान की पत्नी और परिजन गहरे शोक में हैं.
