Dharamshala, Rahul –द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी (आईआरबी) सकोह धर्मशाला ने सोमवार को अपने 26वें स्थापना दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया। प्रदेश पुलिस महानिदेशक डीजीपी अशोक तिवारी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत परेड के साथ हुई, जिसमें मुख्यातिथि को सलामी दी गई।
इस अवसर पर आरक्षित वाहिनी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया। डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि यह दिन गौरव और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने जवानों की अनुशासनप्रिय सेवा की सराहना की और कहा कि पुलिस का कार्य अब नशा, साइबर, अंतरराष्ट्रीय अपराध जैसी नई चुनौतियों का सामना करने के लिए बदल गया है।उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को हर शिकायत को गंभीरता से लेने और हमेशा अपनी ड्यूटी के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। इसके साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को सबसे पहले आगे बढ़कर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में पुलिस जवानों और स्थानीय कलाकारों ने गीत, नृत्य, पंजाबी और हिमाचली नाटी जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस अवसर पर कांगड़ा और देहरा के पुलिस अधीक्षक भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
डीजीपी अशोक तिवारी:“पुलिस का असली मतलब अपने कार्य के लिए हमेशा तैयार रहना है। जवानों ने अनुशासन और समर्पण के साथ पूरे हिमाचल पुलिस को गौरवांवित किया है।”
