अरविंदर सिंह,हमीरपुर: जिला हमीरपुर के मैदान में व्यास नदी पर व्यास नदी की लहरों पर एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा हैं। 24 से 28 सितंबर तक आयोजित की जाने वाली एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप की मैराथन स्पर्धा की तैयारियां भी यहां शुरू कर दी गई हैं। हमीरपुर के उपायुक्त एवं चैंपियनशिप डायरेक्टर हेमराज बैरवा ने गुरुवार को इस चैंपियनशिप से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा भी की हैं।
उपायुक्त ने कहा कि चैंपियनशिप के लिए कई अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की टीमें नादौन पहुंचेगी जिसके लिए जिला के अधिकारियों और इंडियन राफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि पर्यटन व राफ्टिंग खेलों के मानचित्र में ज़िला का नाम शामिल हो सके ।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप की मैराथन स्पर्धा के स्टार्टिंग प्वाइंट और फिनिशिंग प्वाइंट पर चैंपियनशिप के प्रतिभागियों, गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों ओर आम दर्शकों की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रबंध करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि जल्द ही इंडियन राफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों को चैंपियनशिप के लिए पंजीकृत हुई सभी टीमों, प्रतिभागियों और निर्णायक मंडल के सदस्यों की कुल संभावित संख्या स्थानीय प्रशासन को देने को कहा है, ताकि आवश्यकतानुसार प्रबंध किए जा सकें।
हेमराज बैरवा ने कहा कि इस चैंपियनशिप के माध्यम से नादौन क्षेत्र में एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन की संभावनाओं को बल मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप में जहां विदेशी टीमें भाग लेंगी वहीं देश के विभिन्न संस्थानों की प्रमुख टीमें भी भाग लेने पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ियों व स्थानीय खिलाड़ी भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। उपायुक्त हमीरपुर ने स्वयं नादौन में राफ्टिंग चैंपियनशिप के स्टार्टिंग प्वाइंट से लेकर चंबापत्तन में फिनिशिंग प्वाइंट तक पूरे रूट का जायजा लिया।
