ऊना, राकेश। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को डीसी कार्यालय परिसर ऊना में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ईशांत जसवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एडीसी ईशांत जसवाल ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक शासन तंत्र की मजबूत नींव है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे एवं बंधुत्व की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को उसके कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी एहसास करवाता है।उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यों और व्यवहार में संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता दें। सरकारी सेवाओं का निर्वहन करते समय निष्पक्षता, पारदर्शिता, समानता और जनहित को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में संविधान के आदर्शों का पालन करना प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
एडीसी ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य आमजन को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।गौरतलब है कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ था और इसी दिन को देशभर में गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।
