मंडी : धर्मवीर – मंडी जिला के जोगिंद्रनगर उपमंडल के तहत आने वाले पंजालतर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यहां मनरेगा मजदूरी में लगे ग्रामीणों पर रंगड़ों ने जोरदार हमला कर दिया। 18 से 20 मजदूर काम पर लगे हुए थे, जिसमें से 7 महिलाएं और एक युवक को रंगड़ों ने बूरी तरह से काट डाला। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे धुआं डालकर रंगड़ों को वहां से भगाया और घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए।
गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं और एक युवक को सिविल हास्पिटल जोगिंद्रनगर लाया गया, जहां से युवक को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया है, जबकि दो महिलाओं का यहीं पर ही उपचार जारी है। घायलों के साथ आए परिजनों ने बताया कि रंगड़ कहां से आए इसका किसी को कोई पता नहीं चला। अचानक सैंकड़ों रंगड़ों ने काटना शुरू कर दिया और ग्रामीणों के पास संभलने के लिए समय ही नहीं मिला। जिस युवक को टांडा रैफर किया गया है उसे 100 से ज्यादा डंक लगे हैं। वहीं, प्रशासन ने इस संदर्भ में रिपोर्ट बनाकर आगामी कार्रवाई के लिए आगे प्रेषित कर दी है।
