चंबा, मंजूर पठान-:चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र में बिजली विभाग की 11 केवी लाइन और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। शातिरों ने करीब चार किलोमीटर लंबी बिजली लाइन को निशाना बनाते हुए तारों और खंभों को काटने का प्रयास किया। इस घटना में बिजली विभाग को करीब चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। विभाग ने मामले की शिकायत पुलिस थाना तीसा में दर्ज करवाकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के उपमंडल कार्यालय के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में पिछले कुछ समय से 11 केवी बिजली लाइन और खंभों को नुकसान पहुंचाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके बाद विभागीय टीम ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन बिजली खंभे कटे हुए पाए गए, जबकि बिजली की तारों और अन्य विद्युत सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया गया था।विभाग का कहना है कि इस तरह बिजली लाइन और विद्युत ढांचे को नुकसान पहुंचने से विभाग को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने पुलिस थाना तीसा में शिकायत सौंप दी है और अज्ञात लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।योगराज ने बताया कि विभाग को लगातार बिजली लाइन और खंभों को नुकसान पहुंचाने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान तीन खंभे कटे हुए मिले और बिजली तारों समेत अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया था। विभाग ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
:
