Mandi, 7 September-बालीचौकी उपमंडल में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। बीते सात दिनों से यहां न बिजली है, न पानी और न ही संचार सुविधा। बारिश के बाद से क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह से कट गया था। हालांकि सड़क सुविधा किसी हद तक बहाल कर दी गई है, लेकिन बिजली और नेटवर्क अभी भी ठप पड़े हैं।
राशन की कमी से जूझ रहे ग्रामीण, प्रशासन से तुरंत राहत की मांग
बालीचौकी निवासी दुनी चंद भारद्वाज और कौर सिंह ने औट पहुंचकर मोबाइल चार्ज करने के बाद पत्रकारों से अपनी व्यथा साझा की। उन्होंने बताया कि लोग बरसात का पानी या प्राकृतिक स्रोतों से पानी पीने को मजबूर हैं। कई घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और कई गिरने की कगार पर हैं।ग्रामीणों का कहना है कि राशन की भी किल्लत शुरू हो गई है। संचार सुविधा न होने से लोग अपनी समस्याएं बताने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलकर उपमंडल मुख्यालय तक पहुंचने को मजबूर हैं।
प्रभावितों की गुहार
- बिजली और संचार सेवाएं जल्द बहाल हों
- राशन व पेयजल की व्यवस्था तत्काल की जाए
- राहत कार्यों में तेजी लाई जाए
प्रशासन का दावा
इस बीच एडीएम मंडी डा. मदन कुमार ने कहा कि सेवाओं की बहाली के लिए प्रशासन और विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिजली और संचार सेवाएं जल्द ही चालू कर दी जाएंगी। राशन की कमी न हो, इसके लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
