संजु चौधरी, शिमला: रामपुर के ननखड़ी के टिक्कर गांव में एक व्यक्ति के खेत में पड़े गुब्बारे से पाकिस्तानी नोट मिलने का मामला सामने आया हैं। गुब्बारे में पाकिस्तानी नोट मिलने की सूचना जब पुलिस को दी गई तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नोट को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी हैं। मामला शुक्रवार शाम का बताया जा रहा हैं। ग्राम पंचायत नीरथ के उप-प्रधान प्रेम चौहान ने पुलिस थाना ननखड़ी को फोन से सूचना दी थी कि टिक्कर गांव के साथ खेत में गुब्बारों के साथ पाकिस्तानी नोट मिले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना ननखड़ी से टीम मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची तो ओम प्रकाश ने बताया की जब अपनी माता के साथ दिन का खाना खाने खेत में बैठे तो यह एक छोटा फटा हुआ गुब्बारा खेत में पड़ा था, जिसमें 10 रुपए का पाकिस्तानी करंसी का नोट उन्होंने देखा, जिसकी सूचना उन्होंने उप-प्रधान ग्राम पंचायत नीरथ को दी थी। उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं हैं कि यह गुब्बारा उनके खेत में कब और किसने रखा। अब इस संदर्भ में पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि पाकिस्तानी करंसी पकड़े जाने के इस मामले की सूचना पुलिस विभाग के ननखड़ी पुलिस थाने में दर्ज हुई हैं। इसके बाद इस मामले में पुलिस विभाग ने प्राथमिक जांच भी की हैं। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि बताया कि मामले की प्राथमिक जांच के बाद मामला आगे की तफ्तीश के लिए स्पेशलाइज इंटेलिजेंस टीम को सौंप दिया गया हैं।
