बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने एम्स में लोकल से अन्याय कर बाहरी लोगों की भर्ती किए जाने को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आज दिन तक एम्स में कितने लोकल लोगों को रोजगार दिया गया। इस पर एम्स प्रबंधन स्थिति स्पष्ट करे। इसके साथ ही बंबर ठाकुर ने इस बार बेल्ट पेपर पर चुनाव करवाए जाने की वकालत की है। ईवीएम पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा भी है कि यदि बेल्ट पेपर पर चुनाव करवाए जाते हैं तो बीजेपी की सात सीटें भी नहीं आएंगी।
बंबर ठाकुर ने शुक्रवार को यहां परिधि गृह में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में चेतना संस्था के बैनर तले करवाए जा रहे कार्यक्रमों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिरकार इतना पैसा संस्था के पास कहां से आया? वर्तमान में कितना पैसा एकत्रित हुआ है और दिव्यांग बच्चों पर कितना धन आज तक खर्च किया गया? यह प्रदेश व बिलासपुर की जनता जानना चाहती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार करने के लिए चेतना संस्था के पैसे का राजनीतिक इच्छाशक्ति के लिए प्रयोग किया जा रहा है। कभी स्पोर्ट्स किट वितरण कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं और अब फिर से चेतना संस्था के बैनर तले नशा निवारण कार्यक्रम हो रहे हैं।
