ऊना/हमीरपुर: हाथ में तिरंगा लिए देशभक्ति के तरानों से देवभूमि गूंज उठी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को हिमाचल के सभी जिलों में देशभक्ति का यह भाव देखने को मिला। बता दें कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर ऊना में तिरंगा रैली स्कूली बच्चों की ओर से निकाली गई। तिरंगा रैली का मार्गदर्शन डीसी ऊना राघव शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा की 15 अगस्त से पहले हर घर तिरंगा अभियान के तहत आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है जिसमें सरकार के साथ-साथ जनमानस की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जहां प्रशासन की तरफ से तिरंगा रैली निकाली जा रही है वहीं पंचायतों और नगर परिषद की तरफ से भी तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरियां निकाली जा रही है। उसी क्रम में आज स्कूली बच्चों ने भी यह तिरंगा यात्रा निकाली है और लोगों को आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर तिरंगे के प्रति जागरूक किया है।
हमीरपुर में छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा
हमीरपुर में सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के आधा दर्जन से अधिक स्कूली छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली। स्कूलों के छोटे-छोटे छात्र हाथों में तिरंगा लेकर ढोल की थाप पर भारत माता की जय, वंदे मातरम, जय जवान जय किसान के नारे लगाते हुए शहर के बीच से हाथ ने तिरंगा लेकर घूमे। स्कूली छात्रों ने गांधी चौक से लेकर अस्पताल चौक तक यह तिरंगा यात्रा निकाली।
ऊना में भी बच्चों का उमड़ा सैलाब
ऊना में भी स्कूली बच्चों द्धारा राष्ट्र ध्वज के साथ देश प्रेम के गीत व कविताएं गाते हुए इस तिरंगा यात्रा को गांव में निकाला। इस दौरान स्कूल के मुख्याध्यापक अनिल शर्मा ने आजादी के अमृत महोत्सव विषय पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। आजादी के अमृतमहोत्सव के उपलक्ष पर पाठशाला परिसर में भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला व नारा लेखन प्रतियोगिता , प्रश्नोत्तरी ओर कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।
डीसी की अध्यक्षता में चंबा में निकाली गई तिरंगा रैली
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज चंबा में भी उपायुक्त डीसी राणा की अध्यक्षता में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह रैली उपायुक्त कार्यालय से लेकर चंबा शहर में निकाली गई। रैली में विभिन्न विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों सहित स्थानीय गणमान्य लोगों ने भी हिस्सा लिया।
