Kangra, Vikas-:नव वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को बंगाणा एसडीएम सोनू गोयल ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। एसडीएम गोयल वर्तमान में एसडीएम अंब का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं। यह बैठक मंदिर न्यास द्वारा 31 दिसंबर और 1 जनवरी को आयोजित किए जा रहे मेले के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुलाई गई।
बैठक में मंदिर अधिकारी अजय मड़ियाल, नायब तहसीलदार अरुण संख्यान, मंदिर सुरक्षा अधिकारी सेवानिवृत्त कर्नल मनीष धीमान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मेले से जुड़ी सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।मीडिया से बातचीत में एसडीएम सोनू गोयल ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए मंदिर को 24 घंटे दर्शन के लिए खुला रखने का निर्णय लिया गया है। एसडीएम ने सभी श्रद्धालुओं से मंदिर न्यास द्वारा जारी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।प्रशासन का उद्देश्य है कि नव वर्ष के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके तथा मेले का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
