Nurpur, Sanjeev Mahajan-:राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कांगड़ा ने प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में खेल गतिविधियों को पुनः शुरू करने की घोषणा पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। संघ के जिला अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, शिक्षा खंड नूरपुर के प्रधान मुल्तान सिंह तथा खंड कोटला के प्रधान संग्राम सिंह ने पूर्व विधायक नूरपुर अजय महाजन के माध्यम से लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह नूरपुर में मुख्यमंत्री द्वारा की गई इस घोषणा का स्वागत किया।
शिक्षक संघ ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों द्वारा बिना सरकार और शिक्षा मंत्री को विश्वास में लिए प्राथमिक स्कूलों में बच्चों की खेल गतिविधियों को बंद कर दिया गया था। इस निर्णय से न केवल छोटे-छोटे बच्चे निराश हुए, बल्कि प्रदेश भर के अभिभावकों में भी रोष व्याप्त था। संघ ने यह विषय मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने आगामी सत्र से प्राथमिक विद्यालयों में खेलों को पुनः शुरू करने की घोषणा की।संघ का कहना है कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और इनके बिना समग्र शिक्षा की कल्पना संभव नहीं है।इस निर्णय से प्रदेश के लाखों बच्चों, अभिभावकों और हजारों शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
वहीं, शिक्षक संघ ने न्यू क्लस्टर (कंपलेक्स) सिस्टम को लेकर गंभीर चिंता भी व्यक्त की। संघ का मानना है कि यह व्यवस्था बिना व्यापक विचार-विमर्श के लागू की जा रही है, जिससे भविष्य में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। प्रदेश के हजारों सेवारत और सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक इस प्रणाली का विरोध कर रहे हैं।इसके अतिरिक्त संघ ने प्राथमिक शिक्षकों की लंबित पदोन्नतियों पर भी नाराजगी जताई। जेबीटी से टीजीटी की पदोन्नतियां लंबे समय से अटकी हुई हैं, जबकि हाल ही में मुख्य शिक्षक बने शिक्षकों की पदोन्नति पर भी रोक लगाए जाने के आरोप लगाए गए।इन सभी मांगों को लेकर शिक्षक संघ ने पूर्व विधायक अजय महाजन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्यमंत्री से शीघ्र संवाद और समाधान की मांग की।
TAGGED:
Nurpur teacher union
Chandrika
