विकास शर्मा, चिंतपूर्णी(TSN): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को पहले नवरात्रि के दिन मां का दरबार जयकारों से गूंज उठा। इस मौके पर श्रद्धालुओं की डबल लाइन लुधियाना धर्मशाला को क्रॉस कर गई। लाइन में खड़े श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।
मंदिर न्यास की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर को सुबह 3:00 बजे ही खोल दिया गया था। श्रद्धालुओं को डबल लाइन में दर्शन करने के लिए दो से तीन घंटे का समय लगा। इसके अलावा पंजाब की लंगर संस्थाओं की ओर से चिंतपूर्णी क्षेत्र में भक्तों की सुविधा के लिए देसी घी के काफी लंगर लगाए गए हैं जिसमें भक्त प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
नवरात्रों को देखते हुए चिंतपूर्णी मंदिर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर में जगह-जगह पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और मंदिर में पूरी तरह से व्यवस्था दर्शनों के दौरान बनी रहे।
