बिलासपुर : सुभाष ठाकुर ( TNS)- शक्तिपीठ श्री नैना देवी में सुबह की आरती और मंत्रो उच्चारण के साथ शरदीय नवरात्रे बड़ी धूमधाम के साथ शुरू हो गए । सुबह से ही पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली यूपी बिहार और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शनों के लिए पहुंचना शुरू हो गए हैं ।आज प्रथम नवरात्रि के अवसर पर माता शैलपुत्री की पूजा की जा रही है ।
शक्तिपीठ श्री नैना देवी को भव्य रूप से सजाया गया है, वहीं मंदिर न्यास और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक बंदोबस्त भी किए हैं ।आज प्रथम नवरात्रि के दौरान मंदिर के द्वार सुबह 4:00 बजे खोल दिए गए थे और सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूजता रहा । श्रद्धालुओं ने जहां पर प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां डाली, वहीं पर पूजा अर्चना करके अपने घर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना भी की ।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 350 पुलिसकर्मी एवं होमगार्ड तैनात
मेला पुलिस अधिकारी डीएसपी विक्रांत ने पत्रकारों को बताया कि मेला के दौरान लगभग 350 पुलिसकर्मी एवं होमगार्ड के जवान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किए गए हैं । उन्होंने कहा कि मेला के दौरान ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर पंजाब सीमा से आगे हिमाचल सीमा में प्रवेश नहीं कर पाएंगे । उन्होंने कहा कि यात्रियों को छोटी गाड़ी या बसों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की सीमा कोला बाला टोबा से मंदिर तक आना पड़ेगा । डीएसपी विक्रांत ने कहा कि पुलिस और प्रशासन मेला के दौरान सुव्यवस्था कायम करने के लिए कृत संकल्प है ताकि श्रद्धालुओं को आराम से माता दर्शन हो सके ।
