सचिन शर्मा,मनाली: मनाली वासियों ने बुधवार को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पांचवीं पुण्य तिथि उनके दुसरे घर कहे जाने वाले मनाली में मनाई। बता दें कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी मनाली को अपना दूसरा घर मानते थे इस कारण उनका मनाली से गहरा नाता रहा हैं। ग्राम कमेटी प्रीणी और भाजपा मनाली मंडल ने मॉल रोड मनाली में उनकी प्रतिमा के पास श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।
श्रद्धांजलि देने के बाद मनाली मंडल के पदाधिकारियों ने वन्य प्राणी विभाग में कार्यक्रम आयोजित किया और भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। भाजपा पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी 1968 में पहली बार मनाली आए थे। मनाली की वादियों से इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने मनाली को अपना दूसरा घर बना लिया। जीवन भर राजनीति में सक्रिय रहने वाले अटल 1992 के बाद मनाली के ही होकर रह गए।
मनाली मंडल के अध्यक्ष ठाकुर दास ने कहा कि 19 मार्च 1999 से 22 मई 2004 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी हर साल जून महीने में एक सप्ताह तक मनाली से ही देश का संचालन करते थे और प्रीणी एक सप्ताह तक प्रधानमंत्री के कार्यालय में तब्दील हो जाता था। प्रीणी निवासियों ने उन्हें मुखिया की उपाधि दी। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ग्रामीणों के प्रिय चाचू व बच्चों के प्रिय मामू बन गए। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रीणी गांव में 2004 में देवदार का पौधा रोपा था, जो आज 19 साल का हो गया हैं। गांव वासी इसे अटल जी की याद के रूप में देखते हैं व इसकी पूरी देखभाल करते हैं।
