संजीव महाजन,नूरपुर: विधानसभा इंदौरा व फतेहपुर में पौंग बांध से छोड़े गए पानी से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को इन विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने जहां हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया तो इसके बाद मुख्यमंत्री डमटाल के रामगोपाल मंदिर भी पहुंचे। यहां प्रभावित लोगों के लिए बनाये गए रिलीफ कैंप में मुख्यमंत्री प्रभावित लोगों से मिले ओर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रभावित लोगों को सरकार की तरफ से हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह यहीं दूसरे कैंप में भी लोगों से मिलने गए। इस मौके पर उनके साथ पशुपालन एवं कृषि मंत्री चंद्र कुमार, इंदौरा विधायक मलिंदर राजन, फतेहपुर विधायक भवानी पठनिया, पूर्व विधायक नूरपुर अजय महाजन व अन्य उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौरा और फतेहपुर क्षेत्र की बहुत भयानक स्थिति हैं जिसमें इंदौरा की 19 पंचायतें प्रभावित हैं। हमने तुरंत प्रभाव से इनका जो रिलीफ फंड 10 हजार रुपए था उसको बड़ा कर मक़ान गिरने का 1 लाख कर दिया है और जो बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे है उनकी अतिरिक्त पढ़ाई करवाए जाने का फ़ैसला लिया हैं।
उन्होंने कहा कि जिनकी फसलें उजड़ी हैं उनका उचित मुआवजा और प्रति कनाल के हिसाब से देंगे। कांगडा क्षेत्र में जिस भी जगह नुकसान हुआ है उसके लिए एक पैकेज घोषित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से मिलते हुए ये भी कहा की जिनके पशु इस बाढ़ में बह गए है उनके एक पशु का 50 हजार मुआवजा दिया जाएगा।
