राहुल चावला, धर्मशाला: भारतीय मजदूर संघ ने आर्थिक विकास के लिए राष्ट्रीय श्रम नीति लागू किए जाने को लेकर उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला के बाहर धरना प्रदर्शन किया। अपनी मुख्य मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर किए गए धरना प्रदर्शन में जिला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अन्य मजदूर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भारतीय मजदूर संघ की मांगे पूरी ना होने के चलते आज भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से प्रधानमंत्री को मांग पत्र भेजा।
उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजे गए मांग पत्र में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ का 20वां त्रैमासिक अखिल भारतीय अधिवेशन 7 से लेकर 9 अप्रैल तक बिहार के पटना में संपन्न हुआ जिसमें उपरोक्त प्रस्ताव पारित किया गया था।
उन्होंने कहा कि अधिवेशन में भारतीय मजदूर संघ ने अपनी मांगों को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि समाजिक सुरक्षा सभी को मुहैया करवाई जाए व हर जगह लागू की गई ठेका प्रथा के अंधानुकरण पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा ठेका आश्रम निवारण एवं नियमितीकरण अधिनियम 1970 में न्याय उचित संशोधन किया जाए। मदन राणा ने कहा कि प्रदेश भर में समस्त मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी के स्थान पर जीविका मजदूरी तय की जाए। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा ने उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजे मांग पत्र में यह भी कहा कि अगर उनकी मांगे नहीं स्वीकार की जाती तो वह दिल्ली जाकर आंदोलन करेंगे, ताकि मजदूरों को उनका न्याय मिल सके।
