Kangra, Sanjeev -:विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर से विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) भवानी सिंह पठानिया ने मनरेगा योजना को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को महात्मा गांधी के नाम से “एलर्जी” है, इसी मानसिकता के चलते मनरेगा के नाम और इसके मूल स्वरूप में बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की व्यवस्था कमजोर होती जा रही है।
फतेहपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में मनरेगा के माध्यम से गांवों में रोजगार की एक मजबूत और भरोसेमंद व्यवस्था खड़ी की गई थी। यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए आजीविका का बड़ा सहारा बनी थी। लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार ने नियमों, प्रक्रियाओं और क्रियान्वयन में ऐसे बदलाव किए हैं, जिनका सीधा असर ग्रामीण रोजगार पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि लोगों को न समय पर काम मिल रहा है और न ही निर्धारित दिनों का पूरा रोजगार।पठानिया ने कहा कि मनरेगा महात्मा गांधी के विचारों और ग्राम स्वराज की सोच पर आधारित ऐतिहासिक योजना है, लेकिन भाजपा को गांधी जी का नाम स्वीकार नहीं है। इसी वजह से इस योजना के नाम और उद्देश्य के साथ बार-बार छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण यह योजना अपनी मूल भावना से भटकती जा रही है।
उन्होंने भाजपा की राजनीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय धर्म और भावनाओं के मुद्दों को उछाला जाता है, लेकिन सत्ता में आने के बाद बेरोजगारी जैसे बुनियादी सवालों पर चुप्पी साध ली जाती है। पठानिया ने कहा कि राम किसी एक पार्टी के नहीं हैं, लेकिन चुनाव आते ही भाजपा को राम याद आ जाते हैं और जब शासन चलाने की बारी आती है तो रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे गायब हो जाते हैं।
इस मौके पर भवानी सिंह पठानिया ने धर्मशाला से विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के हालिया बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सुधीर शर्मा को राजनीतिक पहचान दी, लेकिन आज वे कांग्रेस और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ बयानबाजी कर अपनी व्यक्तिगत नाराजगी निकाल रहे हैं। पठानिया ने सवाल किया कि 15 हजार करोड़ रुपये की घोषणाओं और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर सुधीर शर्मा क्यों चुप हैं।धर्मशाला कार्निवल और आयुष विभाग के कार्यक्रमों से जुड़े पत्र को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए पठानिया ने सुधीर शर्मा को भाजपा का “पांचवां गुट” करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन प्रदेश की जनता सब समझती है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
