विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: जसवां-परागपुर के दो युवाओं ने मर्चेंट नेवी के सीसीएमसी कोर्स में शानदार प्रदर्शन किया है। चलाली गांव के भव्य शर्मा इस कोर्स में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान पर रहे हैं तो नैहरनपुखर के अतुल ने इस परीक्षा में दूसरा और कूड़ना सलेटी के अमित ने चौथा हासिल किया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले इन युवाओं ने अपनी इस सफलता का श्रेय संजय पराशर को दिया है। कैप्टन संजय पराशर के मार्गदर्शन व प्रेरणा से ही युवा यह मुकाम आज हासिल कर पाएं है।
दरअसल जसवां-परागपुर क्षेत्र को मर्चेंट नेवी का हब बनाने में कैप्टन संजय ने लगातार प्रयास किए हैं और क्षेत्र सहित प्रदेश के सैंकड़ों युवाओं को कोरोनाकाल के बाद से ही पराशर रोजगार प्रदान कर चुके हैं। बड़ी बात यह है कि यह सिलसिला निरंतर चला हुआ है। सीसीएमसी कोर्स में उतीर्ण रहे सभी युवाओं को संजय अपनी कंपनी में नौकरी प्रदान करने जा रहे हैं। भव्य, अतुल और अमित ने बताया कि उन्हानें मर्चेंट नेवी के बारे में सुना था, लेकिन इस क्षेत्र में कैसे जाना है और कैसे रोजगार हासिल किया जा सकता है। इसके बारे में संजय पराशर से ही उन्हें विस्तार में जानकारी मिली। उन्होंने सीसीएमसी कोर्स के लिए आवेदन किया और बकायदा डाडासीबा कार्यालय में उनका टेस्ट हुआ।
इसमें उतीर्ण होने के बाद उन्हें यूरोटेक मेरीटाइम अकादमी में प्रवेश मिल गया। इसके बाद समय-समय पर पराशर व उनकी टीम के सदस्य मार्गदशर्न करते रहे और अब परिणाम यह है कि वे समुद्री जहाज पर नौकरी करने जा रहे हैं। वहीं, भव्य के पिता पंकज ने बताया कि उन्हें अपने बेटे के भविष्य के बारे में चिंता थी कि वो जमा दो उतीर्ण करने के बाद क्या करेगा। संजय पराशर उनके गांव चलाली के दौरे पर थे तो मर्चेंट नेवी को लेकर बात हुई तो पराशर ने न सिर्फ राह दिखाई, बल्कि बेटे को एक सही मुकाम तक भी पहुंचा दिया है। अब बेटा जहाज पर नौकरी कर रहा है।
कूड़ना के अमित की माता रेणु वाला और पिता विनय कुमार ने बताया कि वह साधारण परिवार से संबंध रखते हैं और गांव में कृषि कार्य पर ही निर्भर हैं। उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका बेटा मर्चेंट नेवी में नौकरी करेगा, लेकिन पराशर की बदौलत यह संभव हो पाया है। वहींं, कैप्टन पराशर ने बताया कि यह जसवां-परागपुर और प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि जिला कांगड़ा के तीन युवाओं ने आल इंडिया रैंकिंग में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। संजय ने कहा कि वह क्षेत्र के युवाओं को रोजगार दिलाने के मिशन पर निकल चुके हैं और शीघ्र ही युवाओं को घर-द्वार पर ही नौकरियों के अवसर उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस संदर्भ में कुछ अन्य प्रतिष्ठित कंपिनयों से भी बात की जा रही है।
