ऊना, राकेश -:ऊना जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांगड़ा जिला की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) टीम ने संतोषगढ़-ऊना रोड पर कार्रवाई करते हुए कार में सवार तीन युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है, जिससे पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ टीम ने एडिशनल एसपी रेनू कुमारी के नेतृत्व में संतोषगढ़-ऊना मार्ग पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान संतोषगढ़ की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से एक किलो पांच ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसे 15 अलग-अलग पैकेटों में पैक किया गया था।इतनी बड़ी मात्रा में नशे की खेप मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। पकड़े गए तीनों आरोपी ऊना जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। उनकी पहचान गुरमुख सिंह, रमन कुमार और सर्वजीत सिंह उर्फ विंदर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब इस बात की गहन जांच में जुट गई है कि यह नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे आगे किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। प्रारंभिक जांच में यह मामला बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, ऐसी आशंका जताई जा रही है।एसटीएफ द्वारा की गई इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। बाद में आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए ऊना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
एडिशनल एसपी रेनू कुमारी ने बताया कि एसटीएफ के गठन के बाद यह पहली बड़ी सफलता है, जो टीम को मिली है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
TAGGED:
Una action by STF
Chandrika
