Una, Rakesh-:हिमाचल सरकार द्वारा प्रदेश को चिट्टा-मुक्त और नशा-रहित बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऊना पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नशे के कारोबार पर नकेल कसने के उद्देश्य से सरकार ने आम जनता से भी जानकारी साझा करने की अपील की है, साथ ही सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गुप्त रखने का भरोसा दिया है।
इसी क्रम में ऊना की SIU टीम ने वर्ष 2025 की अब तक की सबसे बड़ी चरस की खेप बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर निरीक्षक सुनील कुमार संख्यान की अगुवाई में टीम ने कुरियाल मोड़ पर ऊना-हमीरपुर सड़क पर नाकाबंदी की। इसी दौरान शाम के समय भोटा से ऊना आ रही एक प्राइवेट बस को रोका गया। तलाशी के दौरान एक पुरुष और एक महिला के पास से कुल 1 किलो 175 ग्राम चरस बरामद की गई।पूछताछ में आरोपियों की पहचान चेतराम निवासी बालीचौकी तथा तारा देवी निवासी बालीचौकी, जिला मंडी के रूप में हुई है। SIU यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे सप्लाई किया जाना था।
वहीं, नशा-निरोधक अभियान के तहत एक अन्य मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने बाइक पर पटाखे मारते हुए जा रहे दो युवकों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 10.50 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। दोनों युवकों के खिलाफ ND&PS एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दोनों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।एडिशनल एसपी ऊना संजीव भाटिया ने कहा कि नशा बेचने या तस्करी की किसी भी तरह की सूचना पुलिस को बेझिझक साझा की जा सकती है। ऐसी किसी भी सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
