विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: बिग बॉस सीजन 16 के टॉप 4 कंटेस्टेंट में शामिल अर्चना गौतम ने बुधवार को ऊना जिला के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंची। सुबह के समय ही वह माता चिंतपूर्णी के दरबार पहुंची और यहां पहुंचकर माथा टेका और पूजा अर्चना की। मंदिर के पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंदर छिंदा ने अर्चना गौतम से विधिवत पूजा अर्चना करवाई। पुजारी रविंदर छिंदा ने मेरठ की रहने वाली अभिनेत्री व मॉडल अर्चना गौतम और उनके परिवार की मंदिर में अरदास लगवाई और कहा कि माता रानी का आर्शीवाद उन पर बना रहे।
बिग बॉस 16 में मेरठ निवासी अर्चना गौतम भी शो में फाइनलिस्ट के तौर पर पहुंचीं और टॉप चार में अपनी जगह बनाई। इस दौरान अर्चना गौतम के साथ मंदिर में उनके प्रशंसकों ने फोटो भी खिंचवाई। इस अवसर पर पुजारी रोहन कालिया,सचिन कालिया, पंकज कालिया,मनोज कालिया भी उनके साथ मौजूद रहे। मंदिर दर्शनों के बाद अर्चना गौतम ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि माता रानी के आर्शीवाद से ही वे टॉप चार में पहुंची हैं और माता रानी का आर्शीवाद आगे भी उन पर यूं ही बना रहे। मंदिर दर्शनों के दौरान उनका परिवार भी उनके साथ मौजूद रहा।
