संजु चौधरी, शिमला: शिमला में बीती रात एचआरटीसी के कर्मचारियों की ओर से दो युवकों की जमकर पिटाई करने का मामला सामने आया हैं। एचआरटीसी के कर्मचारी अपनी दादागिरी दिखाते हुए युवकों को बेरहमी से मार रहे हैं। एक दर्जन के करीब कर्मचारियों ने मिलकर युवकों की पिटाई की हैं। जानकारी के मुताबिक छोटी सी बहस से शुरू हुई यह बात अचानक से मारपीट में तब्दील हो गई।
नाइट ड्यूटी पर तैनात एचआरटीसी के कर्मचारी ओल्ड बस स्टैंड पर जुटना शुरू हो गए और उन्होंने युवकों की पिटाई करना शुरू कर दिया। मामले को सुलझाने की जगह सभी कर्मचारियों ने युवकों को बेरहमी से मारना शुरू कर दिया। इनमें से कुछ कर्मचारी तो ऐसे थे जिन्हें पूरे मामले की जानकारी तक नहीं थी। उन्हें यह तक भी मालूम नहीं था कि आखिर क्यों युवकों की पिटाई की जा रही है लेकिन उन्होंने इस बात को जानने की जहमत नहीं उठाई और वह भी अन्य कर्मचारियों की तरह उन युवकों को पीटने लगे।
इस दौरान प्राइवेट बस और टैक्सी यूनियन के ड्राइवर भी बस स्टैंड में मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी बीच बचाव करने की कोशिश नहीं की। बता दें कि मंगलवार को रात के लगभग 9 बजे यह घटना पेश आई जिस समय बस स्टैंड में सवारियां भी काफी कम थी।
माफी मांगने पर भी मारते रहे कर्मी
मार पिटाई के दौरान एक युवक ने एचआरटीसी कर्मियों से काफी बार माफी मांगी। बावजूद इसके कर्मी लात घूंसे बरसाते रहे। हैरानी की बात है कि इतने बड़े बस स्टैंड में जहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है उस जगह शिमला पुलिस का एक भी जवान दिखाई नहीं दिया, हालांकि दिन के समय ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए 2 से तीन जवान यहां तैनात रहते हैं।
कर्मचारियों ने दी गालियां
कर्मचारियों ने मार पिटाई के साथ- साथ युवकों को जमकर गालियां भी दी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एक युवक की जमकर धुनाई हुई, जबकि दूसरे को धक्का मुक्की कर साइड किया गया। लड़ाई में युवक की बाजू में सूजन आ गई थी, जिसके बाद कर्मचारियों ने उसे धमकी देकर छोड़ा।
