बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – बिलासपुर के नए उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कुछ नए इनिशियटिव लिए हैं। इसके तहत बिलासपुर को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने के अलावा गोबिंदसागर झील में पर्यटन आकर्षण बढ़ाने के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। नयनादेवी में धार्मिक पर्यटन विकास के लिए नई योजनाओं पर काम किया जाएगा।
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि श्रीनगर की डलझील की तर्ज पर गोबिंदसागर झील में भी शिकारा बोट और हाईटैक मोटरबोटें शुरू की जाएंगी। इस बाबत भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से परमिशन ली जाएगी। बिलासपुर को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जो टूरिज्म सीधे कुल्लू मनाली के लिए जाता है। उसे बिलासपुर में रोकने के लिए यहां पर्यटन आकर्षण बढ़ाया जाएगा। क्योंकि पहली मई से फोरलेन शुरू होने के बाद चंडीगढ़ के लिए मात्र डेढ़ घंटे का समय ही लगेगा। लिहाजा रेलवे व फोरलेन के हिसाब से बिलासपुर आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश का एक आधुनिक शहर बनेगा। इसलिए यहां पर पर्यटन लिहाज से अधिक से अधिक सहूलियतें विकसित करने के लिए पूरा मास्टर प्लान बनाया जाएगा।
