Hamirpur, Arvind-भारतीय जनता पार्टी ने हमीरपुर ज़िले के लिए अपनी नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कुल 22 पदाधिकारियों और 44 कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति की। इस टीम में महिलाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी गई है।
घोषणा कार्यक्रम में भाजपा के जिला पर्यवेक्षक और विधायक विपिन सिंह परमार मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी में पद पाने के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने के लिए काम किया जाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी नियुक्तियाँ वरिष्ठ नेताओं की सहमति से की गई हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान विपिन परमार ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई वाली सरकार ने ढाई वर्षों में एक लाख करोड़ का कर्ज लिया है, लेकिन उसका सही उपयोग नहीं दिखता। उन्होंने दावा किया कि सरकारी धन का दुरुपयोग केवल कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
लॉटरी व्यवस्था को फिर से शुरू करने पर सरकार को घेरते हुए परमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह और प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने इसे बंद किया था, लेकिन मौजूदा सरकार गरीबों को लत लगाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस निर्णय का कड़ा विरोध करती है और इसे जनविरोधी कदम बताया।
सिराज विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर राहत पहुंचाने में जुटे हैं, वहीं मंत्री जनता को भड़काने का प्रयास कर रहे थे। परमार ने मांग की कि मंत्री को अपने व्यवहार के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि आपदाओं के लिए केवल प्रकृति नहीं, बल्कि हमारी लापरवाह निर्माण नीति भी जिम्मेदार है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को हरसंभव सहायता दिए जाने की बात दोहराते हुए कहा कि केवल चेक की मांग करना सही नहीं है, पारदर्शिता और जवाबदेही भी जरूरी है।
