राकेश,ऊना: गगरेट विधानसभा से गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेश ठाकुर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले राजेश ठाकुर ने अपने पूरे दलबल के साथ शहर में मार्च निकाल शक्ति प्रदर्शन किया। इससे पूर्व पार्टी प्रत्याशी ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेक मां का आशीर्वाद लिया और फिर इसके बाद अपने पैतृक गांव डियोली से नामांकन के लिए उनका काफिला गगरेट की तरफ बढ़ा। इस दौरान ठाकुर के समर्थकों में जोश बढ़ा हुआ दिखाई दिया।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद राजेश ठाकुर ने अपने समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनमानस की एक जनसभा को संबोधित किया । इस जनसभा में राजेश ठाकुर के समर्थन में समर्थकों की अच्छी खासी भीड़ नजर आई । राजेश ने 5 सालों में किए गए विकास कार्यों के आधार पर ही इस बार के विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी का कमल फिर से खिलने का दावा किया ।
