नाहन/देवेन्द्र कुमार: नाहन सीट पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता व उम्मीदवार डॉ राजीव बिंदल की मुश्किलें बढ़ सकती है। दरअसल यहां अलग-अलग गुटों में बैठी कांग्रेस अब एक मंच पर आकर चुनावी प्रचार में जुट गई है। नाहन में आज कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रचार कर यहां से प्रत्याशी अजय सोलंकी के लिए वोट मांगे। नाहन कांग्रेस की गुटबाजी प्रदेश भर में चर्चा का विषय बनी हुई थी। यहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विधायक विक्रमादित्य सिंह के कार्यक्रमों के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता आपस में उलझ गए थे। मगर अब यह सभी नेता अपने मनमुटाव दूर कर एक साथ चुनाव प्रचार करते दिख रहे हैं।
नाहन में एकजुट हुई कांग्रेस, सभी कांग्रेस नेताओं ने संभाली प्रचार की कमान
मीडिया से बात करते हुए पूर्व विधायक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय बहादुर सिंह ने बताया कि जो भी मनमुटाव कांग्रेसी नेताओं के बीच थे वह सब बैठकर दूर कर लिए गए हैं और अब कांग्रेस का लक्ष्य एकमात्र जहां जीत को हासिल करना है। उन्होंने माना कि कांग्रेस में निश्चित तौर पर मनमुटाव थे मगर आज सभी मनमुटाव दूर हो चुके है जिसे स्थानीय स्तर पर ही कांग्रेसी नेताओं ने दूर किया और किसी बड़े नेता को इसमें दखलंदाजी करने की जरूरत नहीं पड़ी। कांग्रेस प्रत्याशी अजय सोलंकी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इसमें हर वर्ग के लोग शामिल है। उन्होंने कहा कि खासकर कर्मचारी कांग्रेस पार्टी का समर्थन कर रहे हैं क्योंकि पेंशन बहाली सबसे बड़ा मुद्दा प्रदेश के भीतर देखने को मिला है। सोलंकी ने कहा कि नाहन कांग्रेस में टिकट तक जरूर गुटबाजी थी मगर अब नेता एक मंच पर आकर चुनाव के लिए मजबूती के साथ खड़े है।
डॉ राजीव बिंदल के लिए कड़ी चुनौती
बता दें कि बीजेपी से यहां लगातार दो बार चुनाव जीत चुके वरिष्ठ नेता डॉ राजीव बिंदल चुनावी मैदान में है, जिन्हें लगातार बीते दो चुनावों में कांग्रेस की गुटबाजी का भी लाभ मिला है। मगर इस बार कांग्रेस की एकजुटता डॉ राजीव बिंदल को कड़ी चुनौती देती नजर आ रही है।
