नाहन/देवेन्द्र कुमार: सिरमौर जिला में कांग्रेस के कई बड़े नेता चुनाव प्रचार करने पहुंचेंगे। 2 नवंबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ जबकि कैंपेन कमेटी के चेयरमैन सुखविंदर सुक्खू नाहन के मिश्रवाला में जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगे। नाहन में जिला कांग्रेस चुनाव प्रचार प्रसार समिति के अध्यक्ष बृजराज ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जल्द ही सभी बड़े नेताओं के चुनावी दौरे तय हो जाएंगे और सभी सीटों पर यहां नेता चुनाव प्रचार करेंगे।
बृजराज ठाकुर ने कहा कि बीते 5 सालों में सिरमौर जिला की सीधे तौर पर भाजपा सरकार ने अनदेखी की। फिर चाहे बातें बेरोजगारी की हो या पावर कलाम साहिब को रेलवे लाइन से जोड़ने की। ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने जिला में जो एनएच बनाने के वायदे किए थे, न तो वो पूरे हो पाए और न ही यहां भाजपा रोपवे बनाने का वायदा पूरा कर पाई है। उन्होंने कहा कि इस बार सिरमौर जिला की सभी 5 सीटों पर भारी बहुमत के साथ कांग्रेस जीत दर्ज करने वाली है और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है।
