संजीव महाजन, नूरपुर: प्रदेश विधानसभा चुनावों में नूरपुर से भाजपा प्रत्याशी रणवीर सिंह निक्का को जीत मिली है। निक्का की जीत पर उनके समर्थक बेहद खुश और उत्साहित नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि उनके समर्थकों ने शनिवार को सुलयाली व आसपास के इलाकों में मिलकर खुशी मनाई ओर जुलूस रैली निकाल कर लोगों को लड्डू बांट कर जीत का जश्न मनाया।
इन विधानसभा चुनावों में रणवीर सिंह निक्का तीसरे ऐसे प्रत्याशी हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा वोटों के अंतर से इस चुनाव को जीता है। वोटों की बढ़त की जो शुरुवात लौहारपुरा सुलयाली बूथ से शुरू हुई थी वह लगातार बढ़ती ही गई और चुनावी मैदान में उतरे दूसरे प्रत्याशी उनका मुकाबला नहीं कर पाए। भाजपा के प्रत्याशी रणबीर सिंह निक्का ने यहां से 18752 मतों से जीत हासिल की है। ऐसे में उनकी इसी जीत का जश्न आज उनके समर्थकों ने मनाया हैं।
इस जश्न में शामिल सुलयाली पंचायत उपप्रधान नरेश शर्मा ने कहा कि यह आप जो जनता का उत्साह देख रहे हैं इससे यह तय है कि यहां पर जो भाजपा का प्रत्याशी जीता है उसे जनता ने एक तरफा मत दिया है। आज सुलयाली गांव ,लौहारपुरा,सिम्बली ठेहड,कुखेड गांव से लोग जीत की खुशी मना रहे और लड्डू बांट रहे है। इसके साथ ही जनता का धन्यवाद कर रहे हैं।
युवा बलजिंदर सिंह उर्फ जोनू ने कहा कि आज बहुत बड़ा खुशी का दिन है कि नूरपूर से रणबीर सिंह निक्का ने भारी मतों से जीत हासिल की हैं। रणबीर सिंह निक्का ने भी मेहनत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी और हम उम्मीद करते हैं आगे भी वह इसी तरह मेहनत से काम करेंगे ताकि अगली बार हम उन्हें मंत्री के रुप में देखें।
