कुल्लू, मनमंदिर अरोड़ा-:पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भी जश्न का माहौल देखने को मिला। जिला मुख्यालय के ढालपुर चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जोरदार उत्सव मनाया। इस दौरान विजय जुलूस निकाला गया, आतिशबाजी की गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी साझा की। पूरे कार्यक्रम में जोश और उत्साह साफ झलक रहा था।
इस अवसर पर बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में मिली जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता के भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकारें देश के 22 से अधिक राज्यों में हैं, जो पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती हैं। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष अमित सूद ने कहा कि यह जीत पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और जमीनी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की मजबूती का संकेत बताते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल और बढ़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आने वाले चुनावों के लिए और अधिक सक्रिय होने का आह्वान किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
TAGGED:
Kullu BJP celebrated victory
Chandrika
