अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की 17 विधानसभाओं में भाजपा के प्रचार प्रसार के लिए रथों को रवाना किया गया। प्रचार प्रसार के लिए जाने वाले रथों को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने गांधी चौक पर हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, विधायक नरेन्द्र ठाकुर , नवीन शर्मा, विजय पाल सोहारू, एपीएमसी चेयरमैन अजय शर्मा भी मौजूद रहें। प्रचार प्रसार वाले रथ आगामी दिनों में 17 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर चुनावी प्रचार प्रसार करेंगे साथ ही प्रदेश की नीतियों व विकास कार्यों की जानकारी मुहैया करवाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि 68 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार प्रसार वाले रथों के माध्यम से भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब से गरीब तबके के पास पहुंचने का काम किया जाएगा और चारों संसदीय क्षेत्रों के लिए प्रचार प्रचार रथों के माध्यम से प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चारों संसदीय क्षेत्रों में आज इन रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है।
इस दौरान सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के ब्यानों पर पलटवार करते हुए कहा कि बेरोजगारी के लिए सबसे ज्यादा दोषी कांग्रेस पार्टी ही रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केंद्र की सरकार लगातार प्रयासरत है जिसमें युवा अनेकों योजनाओं से स्वरोजगार अपना सकते है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वावलंबन योजना लाकर भी हजारों युवाओं को स्वरोजगार दिया है, लेकिन बेरोजगारी का विषय निरंतर का है और कांगेस के समय में भी बेरोजगारी रही है, लेकिन भाजपा सरकार ने ज्यादा से ज्यादा रोजगार दिया है और स्वरोजगार भी दिया है।
