मंजूर पठान, चंबा: भाजपा ने बुधवार को विधानसभा चुनावों को लेकर 62 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसमें जहां भाजपा की ओर से 11 सिटिंग विधायकों के टिकट काटे गए हैं तो वहीं दो मंत्रियों के निर्वाचन क्षेत्र बदले गए हैं। भाजपा की ओर से चंबा सदर सीट पर भी विधायक पवन नैय्यर का टिकट काटा गया है।
पवन नैय्यर की ओर से टिकट कटने पर विरोध जताया गया है। उन्होंने यह साफ तौर पर कह दिया है कि अगर पार्टी अपना फैसला नहीं बदलती है तो यह तय है कि पार्टी ने जिस उम्मीदवार को इस विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा है उसकी जमानत जब्त होगी। उन्होंने सरकार को अपना फैसला बदलने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
बता दे की भाजपा की यह स्थिति चंबा सदर सीट से ही नहीं बल्कि कई अन्य विधानसभा क्षेत्र से सामने आ रही है जहां नेताओं और विधायकों के टिकट कटने पर बगावत के सुर बुलंद हो चुके है। यहां तक कि नेताओं ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान भी कर दिया है।
