ऊना राकेश :-हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के विधायक सतपाल सत्ती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जहां सभी ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान सतपाल सत्ती ने मीडिया से बातचीत करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जिसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें, ताकि संगठन और अधिक मजबूत हो सके।सत्ती ने कहा कि आज देश के 16 राज्यों में भाजपा की सरकारें कार्य कर रही हैं और केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार चल रही है। उन्होंने इसे पार्टी की नीतियों और जनसमर्थन का परिणाम बताया।इसके साथ ही उन्होंने आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और सफलता प्राप्त करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर पार्टी के लिए कार्य करें और संगठन को और सशक्त बनाएं।कार्यक्रम के अंत में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भी शुभकामनाएं दी गईं और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की गई।
