सोलन/योगेश शर्मा: सोलन में मंगलवार को युवा कांग्रेस की नेशनल राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश मीडिया इंचार्ज हरनीत बराड़ ने केंद्र और राज्य सरकार पर जनता की कसौटी पर खरा नहीं उतरने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जनता से जो वादे किए थे वह पूरी तरह से अधूरे रह गए हैं। हरनीत बराड़ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का एक भी इंजन ठीक से काम नहीं कर रहा है। जनता से देश की नरेंद्र मोदी सरकार ने 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन अब तक युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाया है और बेरोजगार की फौज लगातार लंबी होती जा रही है।
‘जयराम सरकार पूरी तरह रही नाकाम’
बराड़ ने कहा कि यह सरकार प्रदेश के लोगों के लिए कोई ऐसी नीति नहीं बना पाई है जो आम जन मानस के लिए फायदेमंद हो और ना ही लोगों की मांगों और मुद्दों को हल कर पाई है। यही कारण रहा कि पूरे 5 साल में लोग धरने पर रहे हैं। कर्मचारियों को सड़कों पर उतरना पड़ा, जिस कारण हिमाचल प्रदेश कि यह सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है।
कांग्रेस पार्टी के मेनिफेस्टो में दी गई गारंटी
हरनीत बराड़ ने हिमाचल प्रदेश में चल रहे विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी के मेनिफेस्टो में दी गई गारंटी का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल करने की गारंटी दी है और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल किया जाएगा। साथ में हिमाचल प्रदेश में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने की भी गारंटी दी गई है। जबकि गृहिणी को कांग्रेस सरकार 1500 रुपए देंगी।
