शिमला,16 दिसंबर (TSN)भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के विकास कार्यों में बाधा डालने की साजिश रच रही है। जनता को असल मुद्दों से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। मुद्दाविहिन विपक्ष कभी टॉयलेट,कभी समौसा तो कभी मुर्गे की बात कर रही है।उसे प्रदेश के विकास से लेना-देना नहीं है। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मीडिया कॉर्डिनेटर अनिल गोयल ने कही।
विपक्ष को विकास से लेना-देना नहीं
अनिल गोयल ने कहा कि भाजपा विपक्ष में रहकर केवल सरकार की आलोचना करने में व्यस्त है,जबकि प्रदेश सरकार जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए झूठे प्रचार का सहारा ले रही है। गोयल ने कहा कि भाजपा का ध्यान प्रदेश के विकास की बजाय अफवाहें फैलाने और राजनीतिक माहौल बिगाड़ने पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के दौरों की सफलता विपक्ष को हजम नहीं हो रही है। विपक्ष जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर बात करे ताकि प्रदेश का विकास हो सके। भाजपा केवल सत्ता के लालच में केवल षड्यंत्र करने में लगी है।भाजपाई बौखलाहट में मनघड़ंत बातें कर रहे हैं।गोयल ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता की लालची है। इसको लेकर ही षड्यंत्र करती है। हालांकि उनका मुंगेरीलाल का सपना कभी साकार नहीं होने वाला है। सरकार पलटने की बात करने वाले विपक्ष के नेता अपने विधायकों को अपने साथ रखने की चिंता करें। पार्टी कई गुटों में बंटी हुई है। सभी अपनी-अपनी डफली, अपना-अपना राग अलाप रहे हैं।
