हमीरपुर,22 नवंबर (TSN)-:पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाए है. उन्होंने अवैध खनन मामले को लेकर सीधे मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है.
मुख्यमंत्री से इस मामले पर मांगा जल्द जवाब
राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्यों व्यास नदी के किनारे ज्ञानचंद ज्ञानू को खनन की खुली छूट दी गई,जबकि बरसात के दौरान हमीरपुर,मंडी और कांगड़ा जिलों में व्यास के किनारे जब सभी क्रशर बंद थे, तब ज्ञानचंद ज्ञानू को विशेष छूट देने का कारण क्या था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी में ज्ञानचंद ज्ञानू को सफर कराते रहे हैं और अब उनके साथ अपने संबंधों से पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।राणा ने कहा,“मुख्यमंत्री के संरक्षण में कुछ लोगों ने अपनी दरिद्रता दूर कर ली है और अब वे पत्रकार वार्ताओं में मुख्यमंत्री को ईमानदारी का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं।लेकिन असली सवाल ज्ञानचंद ज्ञानू के साथ मुख्यमंत्री के संबंधों का है,जिस पर सभी चुप्पी साधे बैठे हैं।राजेंद्र राणा ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने इस मामले पर जल्द जवाब नहीं दिया तो जनता उनके खिलाफ सवाल खड़े करेगी और सच्चाई सामने लाने के लिए आंदोलन की स्थिति पैदा होगी।
