सिरमौर :देवेंद्र कुमार – नाहन विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी पूर्व भाजपा सरकार द्वारा किए कार्यो का श्रेय लेकर झूठी बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। यह बात बीजेपी मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने प्रेस वार्ता के दौरान कही।
पत्रकारों से रूबरू होते हुए मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने कहा कि बनोग-धारक्यारी सड़क को बनाने में पूर्व विधायक डॉ राजीव बिंदल का अहम योगदान रहा है। डॉ बिंदल ने शिमला से लेकर दिल्ली तक प्रदेश सरकार समेत केंद्रीय नेतृत्व से सेना के मामले को सुलझाते हुए मार्ग की स्वीकृति ली और क्षेत्र के लोगों को सड़क सुविधा से जोड़ा। लेकिन आज कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी कहते हैं कि उक्त मार्ग तो 2000 में कांग्रेस सरकार ने बनाया था। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है । कांग्रेस झूठी ग्रंटियां झूठे प्रलोभन देकर सत्ता में आई है । उन्होंने कांग्रेस विधायक को नसीहत देते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी होने के बावजूद नाहन में कोई भी विकास कार्य नहीं करवा पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अजय सोलंकी पूर्व बीजेपी विधायक डॉ राजीव बिंदल द्वारा करवाए गए विकास कार्यों पर झूठी बयानबाजी करके लोगों को गुमराह करके श्रेय देने का काम कर रहे हैं जो उन्हें शोभा नहीं देता।
