मंडी :धर्मवीर ( TSN)- भाजपा संगठनात्मक जिला सुंदरनगर कार्यालय के भवन का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 23 अक्तूबर को रामनवमी के दिन करेंगे। बुधवार को सुंदरनगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि सुंदरनगर कार्यालय का उद्घाटन करने के साथ साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोलन जिला भाजपा कार्यालय और महासू जिला भाजपा कार्यालय का भी सुंदरनगर से वर्चुअल तौर पर शिलान्यास करेंगे।इस दौरान सोलन और महासू जिला भाजपा नेतृत्व मौजूद रहेगा।
डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के सुंदरनगर दौरे को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें जिला मंडी के 9 विधायकों सहित, सभी मंडलों के अध्यक्ष व पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है जो राष्ट्रहित, देशहित तथा प्रदेशहित को लेकर कार्य कर रही है और ये कार्यालय भाजपा के बेहतरीन कार्य के लिए अच्छे साधन साबित होंगे।
डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यालय के निर्माण कार्य का लिया जाएजा
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समय से प्रदेश में सरकारों द्वारा कर्ज लिया जा रहा है। लेकिन कर्ज शौक में नहीं अपितु आवश्यकता पड़ने पर लिया जाता है। पूर्व की भाजपा सरकार के समय सरकार द्वारा लिया गया कर्ज दिख रहा है। इससे प्रदेश के सड़कें, पुल, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य संस्थाओं का निर्माण किया गया है। यह सब प्रदेशवासियों के सामने हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा 76 हजार करोड़ रूपये की देनदारियां केवल मात्र पिछली सरकार द्वारा छोड़ने की बात करना तर्कसंगत नहीं है। इसमें में 49 हजार 500 करोड़ रूपये पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह प्रदेश के लिए छोड़ कर गए थे। श्वेत पत्र में अतिरिक्त 10 हजार करोड़ की देनदारियों का हवाला दिया जा रहा है। 12 हजार करोड़ की देनदारियां वर्ष 2017 से पहले ही कांग्रेस सरकार द्वारा छोड़ी गई थी।
