संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के स्टार प्रचारक लगातार अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में जाकर भाजपा के प्रत्याशियों के लिए जनता से समर्थन मांग रहे हैं। वहीं कांग्रेस के स्टार प्रचारक भी चुनावी मैदान में डटे हुए हैं,लेकिन कांग्रेस की और से राहुल गांधी अभी तक हिमाचल में चुनाव प्रचार ओर रैलियां करने के लिए नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में उनके हिमाचल ना आने पर भाजपा सवाल उठा रही है।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सांबित पात्रा ने शिमला में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी के हिमाचल न आने पर भी सवाल खड़े किए हैं। सांबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के पास नेता, नीति और नियत नहीं हैं। राहुल गांधी हिमाचल में प्रचार में क्यों नहीं आना चाहते? क्या स्थानीय नेताओं ने उनको मना किया है क्यूंकि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं कांग्रेस हारती हैं।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी छुट्टियां मनाने हिमाचल आई है। कांग्रेस के लिए हिमाचल हॉलिडे डेस्टिनेशन हैं जबकि बीजेपी के लिए विकास डेस्टिनेशन। सोनिया गांधी शिमला में ही है बावजूद इसके कोई जनसभा क्यों नहीं कर रही है? कांग्रेस के लिए क्या हिमाचल पर्यटन स्थल है इसके अलावा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रॉपर्टी और छुट्टी मनाने हिमाचल आती है ओर भाजपा विकास करवाने आती है।
संबित पात्रा ने कहा कि भाजपा से पीएम से लेकर आम कार्यकर्ता तक हिमाचल में आ रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अपनी गारंटी नहीं हैं वह क्या गारंटी देंगें? कांग्रेस की गारंटी भ्रष्टाचार व हर चीज का विरोध करना है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने ही महिलाओं को प्रतिमाह 1500 की गारंटी पर सवाल उठाया है। कांग्रेस एटीएम की पार्टी है। जहां भी इनके कुछ एमएलए जीत जाते हैं वहां से भ्रष्टाचार कर पैसे निकाल कर दिल्ली भेजना इनका एजेंडा होता हैं.
संबित पात्रा ने ओपीएस की गारंटी पर भी सवाल खड़ा किया और कहा की कांग्रेस केवल ओसीएस यानि ओनली करप्शन स्कीम की गारंटी दे सकती है। वहीं उन्होंने कहा कि भाजपा कल अपना दृष्टिपत्र जारी करेंगी,जिसमें हर वर्ग के लिए बड़ी घोषणा होगी।
